लबाना-सदाना निन्वी छलाड़ी उठाऊ पेयजल योजना के पंप हाउस की सारी मशीनरी बाढ़ में बही
विज्ञापन
लबाना सदाना और गानवी पंचायत के करीब एक दर्जन गांव के हजारों लोगों की बुझनी थी प्यास
मोहन मेहता
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। रामपुर उपमंडल के पंद्रह/बीस क्षेत्र की गानवी खड्ड में आई बाढ़ से जलशक्ति विभाग को 2.30 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचा है। लबाना-सदाना और गानवी के लिए उठाऊ पेयजल योजना के पंप हाउस की सारी मशीनरी बाढ़ की चपेट में आने से बह गई है। बुधवार शाम करीब 5:00 बजे पंप हाउस की मशीनरी के बाढ़ की चपेट में आने से दो पंचायतों के हजारों लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लबाना-सदाना पंचायत के लबाना, सदाना, मोलगी, जुली, कोट ,कोटी और गानवी पंचायत के निन्वी, छलाड़ी और मदारा सहित क्षेत्र के करीब 13 गांवों को अब पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ेगा। जल शक्ति विभाग लबाना-सदाना, निन्वी, छलाड़ी उठाऊ पेयजल योजना का सारा काम पूरा कर जल्द ही उद्घाटन की तैयारी कर रहा था। गानवी में बने पंप हाउस में मशीनरी फिट करने का काम भी लगभग पूरा हो चुका था, लेकिन पलभर में ही बाढ़ ने सब कुछ तबाह कर दिया है।जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता आरएस नेगी ने बताया कि पंप हाउस में स्थापित सारी मशीनरी बाढ़ की चपेट में आने से बह गई या दब गई है। इस कारण विभाग को 2 करोड़, 30 लाख का नुकसान हुआ है। इस उठाऊ पेयजल योजना का काम पूर्ण हो चुका था। बिजली के कनेक्शन का इंतजार था।
लबाना सदाना निन्वी छलाड़ी उठाऊ पेयजल योजना के पंप हाउस की सारी मशीनरी क्षतिग्रस्त। संवाद