निपुण भारत मिशन के तहत कुमारसैन में पांच दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ शुरू। स्रोत : स्
कुमारसैन में प्रशिक्षण शुरू, 32 शिक्षक ले रहे हैं प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)।
शिक्षा खंड कुमारसैन में निपुण भारत मिशन के तहत प्रारंभिक साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान विषय पर पांच दिवसीय खंड स्तरीय शिक्षक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार से शुरू हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा खंड के विभिन्न विद्यालयों के करीब 32 शिक्षक भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में शिक्षक बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत बनाने का तरीका सीखेंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुमारसैन के प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह और खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी अनिल अग्रवाल ने किया। इस दौरान उन्होंने निपुण भारत मिशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों के शैक्षणिक विकास की मजबूत नींव प्राथमिक स्तर पर ही तैयार होती है। ऐसे में शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे प्रत्येक बच्चे की सीखने की क्षमता को ध्यान में रखते हुए उसे बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध करवाएं। पांच दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को प्रारंभिक साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। इसमें बच्चों के भाषा विकास, पढ़ने-लिखने की क्षमता, गणितीय समझ और बुनियादी गणनाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर रहेगा। इसके अलावा गतिविधि आधारित शिक्षण, बच्चों की सीखने की प्रगति का आकलन और कक्षा में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के तरीकों की जानकारी भी दी जाएगी। प्रशिक्षण में संसाधन व्यक्तियों के रूप में विवेक शर्मा, संदीप और अर्चना शिक्षकों को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षित कर रहे हैं। गौरतलब है कि निपुण भारत मिशन केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य प्राथमिक कक्षाओं के प्रत्येक बच्चे को निर्धारित समयावधि में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान में दक्ष बनाना है, ताकि बच्चे अपनी कक्षा के अनुरूप पढ़ने, लिखने और गणितीय कौशल में अपेक्षित स्तर हासिल कर सकें। आयोजकों के अनुसार, इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों के व्यावसायिक कौशल को निखारने और सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में अहम भूमिका निभाते हैं। प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान और तकनीकों को शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में लागू करेंगे, जिससे विद्यार्थियों को अधिक प्रभावी और बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।