निरमंड(कुल्लू)। कुर्पण खड्ड में 31 जुलाई 2024 की रात को बाढ़ आने से खड्ड में पल रहीं लोकल ट्राउट मछलियां बह गई थीं। इसके बाद मत्स्य विभाग कुल्लू के विशेषज्ञों ने पाया कि खड्ड में मछलियों का बीज तक नहीं रहा। इसकी भरपाई के लिए मत्स्य विभाग कुल्लू ने कुर्पण खड्ड, इसकी सहायक खड्डों, नालों सराहन और ढमार नाले में ब्राउन ट्राउट मछलियों का बीज छोड़ा है। वरिष्ठ मत्स्य अधिकारी दुनी चंद आर्य ने बताया कि इस इलाके से मांग की गई थी कि ब्राउन ट्राउट मछलियों का बीज कुर्पण खड्ड में डाला जाए। इसे ध्यान में रखते हुए बीज कुर्पण खड्ड और तीन सहायक खड्डों में डाला गया। उन्होंने क्षेत्र वासियों से और पंचायत प्रधानों से विशेष अनुरोध किया है कि इसकी देखभाल में अपना योगदान दें, ताकि आने वाले समय में नदी में अधिक से अधिक मात्रा में मछली मिल सके और किसी भी अवैध तरीके अपनाकर मछली का शिकार न हो। इस मौके पर पूर्व बीडीसी सदस्य लजा राम कायथ, जोगिंद्र, पप्पू, लायक ठाकुर, दलीप ठाकुर, देवराज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।