रोहडू में मतदान के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षण देते अधिकारी ट्रैनर। संवाद
रोहड़ू में प्रथम पूर्वाभ्यास कार्यक्रम आयोजित
रोहड़ू। बीफार्मेसी कॉलेज रोहड़ू में वीरवार को पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों के लिए प्रथम पूर्वाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। अध्यक्षता एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी धर्मेश रामोत्रा ने की। कार्यक्रम में चुनाव अधिकारियों और कर्मचारियों को मतदान केंद्रों के संचालन, निर्वाचन सामग्री के उपयोग, मतपत्र प्रबंधन और मतगणना संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। एसडीएम धर्मेश रामोत्रा ने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने और निर्वाचन कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने के निर्देश दिए। पूर्वाभ्यास कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर नायब तहसीलदार लोकेंद्र सिंह और पंचायत इंस्पेक्टर रोहड़ू गुलाब सिंह ने मतदान केंद्र की स्थापना, मतदाता पहचान, मतपत्र जारी करने की प्रक्रिया, मतदान उपरांत सीलिंग एवं मतगणना संबंधी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर लगभग 400 पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।