अग्निशमन के प्रभारी सुंदर लाल नेगी रिकांगपिओ कॉलेज मैदान में सजे पटाखों के स्टालों का निरीक्षण
प्रशासन ने 97 लोगों को जारी किए अस्थायी लाइसेंस
नियम न मानने वालों के खिलाफ होगी कानूनी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)।
जिले में दिवाली पर कल्पा और निचार खंड में चार स्थानों पर पटाखों की बिक्री होगी। प्रशासन ने 97 लोगों को अस्थायी लाइसेंस जारी किए हैं। कल्पा के एसडीएम अमित कल्थाइक ने बताया कि रिकांगपिओ में 30 व्यक्तियों और तहसील सांगला में 20 व्यक्तियों को लाइसेंस जारी किए हैं। रिकांगपिओ में कॉलेज मैदान में स्थान चिह्नित किया है। जिला प्रशासन ने लाइसेंस धारकों को निर्देश दिए हैं कि दिवाली पर पटाखों और आतिशबाजियों की बिक्री की सूचना संबंधित कार्यालय के पते पर मोटे अक्षरों में चिपका दें। लाइसेंस वालों को अग्निशमन विभाग के निर्देशों का पालन करना होगा। निचार खंड में 47 लोगों को पटाखों की बिक्री के लिए अस्थायी लाइसेंस जारी किया है। इसमें 20 टापरी बाजार और 27 भावानगर बाजार के लोगों को लाइसेंस जारी किए हैं। किन्नौर प्रशासन ने पुलिस विभाग को कानून बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। बिजली बोर्ड को बिजली आपूर्ति सुचारु रखने और असुरक्षित बिजली के तार की जांच करने को कहा है। जल शक्ति विभाग को पर्याप्त जल भंडारण सुनिश्चित करने और किसी भी आपात स्थिति में पानी उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए हैं। वन विभाग को ज्वलनशील क्षेत्रों, विशेषकर जंगलों के पास पटाखों के दुरुपयोग पर निगरानी रखने को कहा है। गृह रक्षा किन्नौर के कमांडर सुरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि दिवाली पर किन्नौर में पुलिस के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी करने के लिए 50 से ज्यादा जवानों को तैनात किया है। रिकांगपिओ, भावानगर और सांगला में अग्निशमन के आठ वाहनों को पहले दिन जांच-पड़ताल कर तैयार कर दिया है। जिले के पूह खंड में किसी भी व्यक्ति ने पटाखों की बिक्री के लिए लाइसेंस लेने की अर्जी एडीएम को नहीं दी है। एडीएम पूह रविंद्र ठाकुर ने कहा कि आज तक पूह खंड में पटाखों की बिक्री के लिए लाइसेंस जारी नहीं हुए हैं। उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने किन्नौर की जनता से आग्रह किया है कि दीपावली पर्व पर्यावरण अनुकूल तरीके से मनाएं। उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।