चिऊणी और ठो गांव के जंगलों में लगी आग, वन संपदा हुई राख
विज्ञापन
कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग संवाद न्यूज एजेंसी नित्थर (कुल्लू)।
जंगलों में आग लगने का सिलसिला थम नहीं रहा है। करोड़ों की वन संपदा राख हो रही है और वन्यजीव मारे जा रहे हैं। उप तहसील नित्थर की पंचायत देहरा के मोईन गांव के चिऊणी जंगल और ठो गांव के जंगल में आग लग गई। इस घटना में लाखों की वन संपदा राख हो गई। आग रिहायशी इलाके तक पहुंच गई। दो घरों को कड़ी मशक्कत के बाद बचाया गया, अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी। आशंका है कि चिऊणी जंगल में शुक्रवार दोपहर करीब 2:00 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी, जिससे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने आग से दो घरों को कड़ी मशक्कत के बाद बचाया। यदि समय पर फायर ब्रिगेड का वाहन नहीं पहुंचता, तो दोनों घर जल सकते थे। वहीं, आग से जंगली जानवरों में भी अफरातफरी मच गई। लोगों ने दो से तीन भालुओं को भागते हुए देखा। इससे इलाके में भय का माहौल भी बन गया है। वहीं, ठो गांव के साथ भी आग का भयानक मंजर देखने को मिला। आग से लाखों की वन संपदा राख हो गई। जंगलों में लगातार आग की घटनाएं पेश आ रही हैं, जो चिंता का विषय है। पलभर में ही बहुमूल्य वन संपदा राख हो रही है और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है। वन सर्किल नित्थर के रेंज अधिकारी सोहन सिंह नेगी ने बताया कि चिऊणी में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। वनरक्षक मोइन बीट भी मौके पर मौजूद रहे l