ग्रामीणों के सहयोग से वन कर्मी आग पर काबू पाने के कर रहे प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर/रिकांगपिओ(किन्नौर)। पूह उपमंडल के लिप्पा के जंगल में मंगलवार दोपहर को भयंकर आग लग गई। आग से लाखों की वन संपदा राख हो गई है। जंगल में आग देर रात तक लगी रही। ग्रामीणों के सहयोग से वन कर्मी आग पर काबू पाने का प्रयास करते रहे। जंगल में दोपहर करीब 2 बजे आग लगी। देखते ही देखते आग जंगल के बड़े हिस्से में फैल गई। आग लिप्पा और आसरंग पंचायत सीमा तक फैल गई है, जिससे सैकड़ों हरे पेड़ों के जलने की आशंका है। सड़क से करीब 600 मीटर दूर दुर्गम क्षेत्र होने के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। मौके पर अग्निशमन विभाग की गाड़ियां भी नहीं पहुंच पा रहीं। दोनों पंचायतों के ग्रामीण और वनकर्मी आग बुझाने में जुटे। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। हालांकि, माना जा रही कि मानवीय लापरवाही के कारण जंगल में आग लगी है। उधर, लिप्पा के रेंज ऑफिसर ने बताया कि कंपार्टमेंट 220 में आग लगी है। क्षेत्र दुर्गम है, इसलिए आग पर काबू पाने में मुश्किल हो रहा है।