भारी चट्टान गिरने से आंगनबाड़ी केंद्र को 5 लाख रुपये का नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। उपमंडल ठियोग के क्यार पंचायत के नमाना में खतरनाक खनन गतिविधियों को लेकर एफआईआर दर्ज हुई है। पुलिस थाना ठियोग में सीडीपीओ ठियोग की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, ठेकेदार योगेश की ओर से नमाना गांव के पास की जा रही खनन गतिविधियों के दौरान एक बड़ी चट्टान (बोल्डर) लुढ़क कर नीचे आ गई। यह चट्टान नमाना स्कूल के परिसर में गिरी और आंगनबाड़ी केंद्र की इमारत से जा टकराई, जिससे आंगनबाड़ी केंद्र का भवन ध्वस्त हो गया। साथ ही स्कूल भवन को भी नुकसान पहुंचा। प्राथमिक आकलन के अनुसार, इस घटना में करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति को नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि घटना के समय रविवार था, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ अन्यथा बच्चों और स्टाफ की जान को खतरा हो सकता था। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा-324(4) और पीडीपी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। मामले की जांच थाना ठियोग के एसएचओ की ओर की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र के पास हो रहा खनन बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में खनन गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार से कई बार काम को सुरक्षात्मक तरीके से करने की मांग की गई थी, लेकिन हर बार उनकी मांग को हल्के में लेकर मनमानी की जाती रही। रविवार को होने के कारण स्कूल में ताला लगा हुआ था, अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने खनन विभाग से खनन किन मानकों के आधार पर किया जाना चाहिए और वास्तविक स्थिति क्या है, इसकी भी जांच करने की मांग की है।