खरगा में आयोजित वित्तीय साक्षरता शिविर में महिलाओं को किया जागरूक। स्रोत : बैंक प्रबंधन
दी कांगड़ा सहकारी बैंक ने लगाए शिविर में बताई विभिन्न योजनाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहार।
खरगा पंचायत में दी कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक सीमित की शाखा ब्रौ ने डिजिटल वित्तीय साक्षरता शिविर लगाया। शिविर में महिलाओं को बैंक की योजनाओं के बारे में जागरूक किया। दी कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक शाखा ब्रौ के वरिष्ठ प्रबंधक राम गोपाल नेगी ने महिलाओं को वित्तीय प्रबंधन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बैंक की ओर से दी जा रही योजनाओं और सुविधाओं का ब्योरा रखा। उन्होंने गृह ऋण, वाहन ऋण, स्वयं सहायता समूहों को एनआरएलएम के तहत दिए जाने वाले ऋण, कृषि ऋण जैसी सुविधाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। इसके अलावा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, अटल पेंशन योजना के बारे में जागरूक किया। वहीं, एटीएम, नेफ्ट, आरटीजीएस, नेट बैंकिंग, यूपीआई और गूगल पे जैसी प्रचलित एप्लीकेशन के इस्तेमाल और सावधानियों के बारे में लोगों को अवगत करवाया गया। उन्होंने साइबर ठगी से बचने की गहन जानकारी उपलब्ध करवाई। इस शिविर में पंचायत के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं और ग्रामीणों ने भाग लिया।