रिकांगपिओ में समीक्षा बैठक करते वित्त सचिव। स्रोत: डीपीआरओ
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। प्रदेश सरकार के वित्त सचिव डॉ. अभिषेक जैन सोमवार से किन्नौर के दो दिवसीय दौरे पर हैं। सोमवार को उन्होंने रिकांगपिओ स्थित एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना भवन के सम्मेलन कक्ष में योजना विभाग, जल शक्ति विभाग और आकांक्षी जिला कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। डॉ. अभिषेक जैन ने आंकड़ा आधारित समीक्षा करते हुए विकास पर खर्च न की हुई धनराशि और परियोजनाओं के शुरू न होने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए। विशेष रूप से शिक्षा विभाग में संक्रमण दर (ट्रांजिशन रेट) का उल्लेख करते हुए अधिकारियों को केवल औपचारिक रिपोर्टिंग तक सीमित न रहकर वास्तविक तथ्यों का गहन विश्लेषण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। इससे पहले उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों नाको, पूह और खाब का दौरा कर जल शक्ति विभाग की परियोजनाओं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय बौद्ध मठों में पूजा-अर्चना भी की। इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा, एसडीएम अमित कल्थाईक, परियोजना अधिकारी आईटीडीपी घनश्याम दास शर्मा समेत अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।