रिश्ता गांव की घटना, वन विभाग से पिंजरा लगाने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। उपमंडल आनी के रिश्ता गांव में इन दिनों भालुओं की दहशत है। बीते रोज गांव के एक सेब बगीचे में दो भालू दिनदहाड़े उछल-कूद करते नजर आए। ग्रामीणों ने शोर मचाया। उसके बाद भालू वहां से भाग निकले, लेकिन इस घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत है। ग्रामीण महेंद्र ठाकुर, सुनील कुमार, रविंद्र कुमार, रंजीत, भोला दत्त, वीर सिंह और नौलराम ने बताया कि पिछले कुछ समय से भालू लगातार गांव के आसपास देखे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तो दिन में भी घरों से बाहर निकलने में डर लगता है। ग्रामीण बच्चों और बुजुर्गों को लेकर सभी चिंतित हैं। सोशल मीडिया पर भी भालुओं के उछल-कूद का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि भालू बगीचे में आराम से घूम रहे हैं और इंसानों की मौजूदगी से बेखौफ हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द इलाके में पिंजरा लगाया जाए, ताकि इन भालुओं को पकड़ा जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।