क्षेत्र की जनता में खुशी की लहर, बीस साल से सड़क बनने की राह ताक रही क्षेत्र की जनता
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी(कुल्लू)। आनी क्षेत्र की बहुचर्चित रही शमशर-पनेई सड़क के निर्माण को लेकर एफसीए की हरी झंडी मिल चुकी है। करीब बीस साल से एफसीए की मंजूरी की राह ताक रही क्षेत्र की जनता में इसे लेकर खुशी की लहर है। मंगलवार को एफसीए की मंजूरी मिलने के बाद सड़क बनाने को लेकर अब रास्ता साफ हो गया। अब जनता को बजट का इंतजार है।उल्लखनीय है कि आनी क्षेत्र के कराणा , कराणा-1, कंगुश, बिनन, मुड़दल सहित क्षेत्र की दर्जनभर पंचायतों का इस सड़क बनने से सीधा लाभ पहुंचेगा। क्षेत्र की जनता पिछले बीस साल से इस सड़क को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों के अलावा लोनिवि मंत्री और मुख्यमंत्री से गुहार लगा चुकी है। इसे लेकर क्षेत्र में खूब सियासत भी हुई, इसलिए यह सड़क बहुचर्चित रही है। वन विभाग से एफसीए की स्वीकृति मिलने के बाद अब फाइल आगामी कार्रवाई के लिए सरकार को भेजी गई है। करीब साढ़े नौ किलोमीटर लंबी इस सड़क की डीपीआर करीब साढे दस करोड़ की बनी है। इसे लेकर अब बजट का इंतजार है। क्षेत्र के पूर्व प्रधान ख्यालेराम शर्मा, ध्यानसिंह ठाकुर, ताराचंद शर्मा, कराणा-1 की प्रधान रचना ठाकुर, कुंगश पंचायत के प्रधान राकेश ठाकुर, भागीरथी ठाकुर, राजकुमार, केवल कृष्ण, देवेन्द्र शर्मा, कमलचंद शर्मा, प्रेम ठाकुर, झावेराम राणा, डाॅ राजेश राणा सहित तमाम लोगों का कहना है कि एफसीए मंजूरी मिलने से क्षेत्र में खुशी की लहर है। उन्होंने सरकार से अब जल्द सड़क निर्माण के लिए बजट की मांग उठाई है। उधर, डीएफओ लूहरी सीएल राव का कहना है कि शमशर-पनेई सड़क को लेकर एफसीए की मंजूरी मिल चुकी है।
सड़क की डीपीआर साढ़े दस करोड़ की बनी
शमशर-पनेई सड़क की एफसीए मंजूरी मिल चुकी है। करीब नौ किमी सड़क की डीपीआर साढ़े दस करोड़ की बनी है। - मनीश, एसडीओ लोक निर्माण विभाग