नित्थर (कुल्लू)। नित्थर उपतहसील और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार शाम को मौसम ने अचानक करवट बदल ली। देर शाम केउरी क्षेत्र में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। अचानक हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि से किसानों-बागवानों की चिंता बढ़ा दी है। नित्थर उपतहसील के क्षेत्रों में इन दिनों पशुपालक घास कटाई के कार्य में जुटे हैं। इस बीच बार-बार हो रही बारिश से घास कटाई का काम प्रभावित हो रहा है। स्थानीय पशुपालकों के लिए यह समय बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि गर्मियों और बरसात के बाद काटकर सुखाई गई घास ही सर्दियों के दौरान पशुओं के चारे का प्रमुख सहारा बनती है। पशुपालकों का कहना है कि घास कटाई के लिए लगातार कुछ दिनों तक मौसम का साफ रहना जरूरी है। बारिश होने से कटी हुई घास को सुखाने में परेशानी आती है और उसके खराब होने का खतरा भी रहता है। ऐसे में क्षेत्र के लोग अब मौसम साफ होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।