संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। चौथे नवरात्र पर रविवार को हजारों श्रद्धालु प्रसिद्ध हाटकोटी मंदिर पहुंचे। इस दौरान दुर्गा माता मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु दूरदराज गांव से हाटकोटी पहुंचकर माता के मंदिर में माथा टेक रहे हैं। मंदिर परिसर में बनी यज्ञशाला में दर्जनों ब्राह्मण कई दिन से हवन में बैठे हैं। मंदिर के सामने लंगर भवन में रोज भंडारा चल रहा है। न्यास कमेटी ने लोगों की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर में प्रदेश और प्रदेश के बाहर से आए व्यापारियों ने स्टाल लगाए हैं। माता के गुर ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि दूर-दूर से लोग माता के दरबार में आशीर्वाद लेने पहुंच रहे हैं। क्षेत्र के देवी-देवताओं में दुर्गा माता हाटकोटी का अलग महत्व है। उन्होंने कहा कि हिमाचल और उत्तराखंड के अधिकांश गांवों से लोग नवरात्र में यहां पहुंच रहे हैं। दुर्गा माता के भंडारी भवानी दत्त शर्मा ने बताया मंदिर में श्रद्धालुओं के ठहरने की पूरी व्यवस्था है। अष्टमी और नवमी के दिन श्रद्धालुओं को मंदिर में विशेष प्रसाद दिया जाएगा। मंदिर न्यास के कार्यकारी अध्यक्ष एवं तहसीलदार जुब्बल गुरमीत नेगी ने बताया कि नवरात्र के दौरान मंदिर में व्यवस्था की देख-रेख के लिए अलग-अलग जिम्मेवारियां सौंपी गई हैं। स्वयं भी समय-समय पर देख-रेख कर रहे हैं।