उपायुक्त ने किया शुभारंभ, प्रदर्शनियों का किया अवलोकन
महिलाओं और बच्चों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
भावानगर (किन्नौर)। उपमंडल निचार के भावानगर में शनिवार को तीन दिवसीय उपमंडल स्तरीय जातरू मेला शुरू हुआ। मेले के शुभारंभ पर उपायुक्त किन्नौर सोनाक्षी सिंह तोमर मुख्यातिथि रहीं। उपायुक्त ने रिबन काट कर मेले का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। महिला मंडलों और स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छोटे बच्चों के बीच कबड्डी मैच भी कराया गया। वहीं, डीपीएस नाथपा के बच्चों ने शानदार नाटक प्रस्तुत किया। उपायुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर ने लोगों को मेले की बधाई दी। इस मौके पर एसडीएम निचार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मेले का समापन 26 अक्तूबर को होगा। समापन समारोह में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी मुख्य अतिथि होंगे। मेले के दौरान रामलीला मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न प्रतियोगिताएं भी होंगी।