संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर में नौ मार्च से शुरू होने वाले देव आस्था के प्रतीक जिलास्तरीय फाग मेले में इस बार शिमला और कुल्लू जिले के 25 देवी-देवता शिरकत करेंगे। मेले में आने वाले नए देवताओं का जहां 15 प्रतिशत नजराना बढ़ाया जाएगा, वहीं अन्य देवी देवताओं को पांच फीसदी बढ़ा हुआ नजराना दिया जाएगा। इस बार भी मेले के दौरान महानाटी का आयोजन भी किया जाएगा।
इसमें हजारों लोग और देवलू शामिल होंगे। मेले के दौरान कानून, सुरक्षा, ट्रैफिक और अन्य सुविधाओं को बनाए रखने के एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन ने विभिन्न विभागाधिकारियों को निर्देश दिए हैं। रामपुर के पद्म महल परिसर में नौ से 12 मार्च तक मेले का आयोजन होगा। इसके सफल आयोजन को लेकर एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय में बुधवार को बैठक आयोजित हुई। इसमें एसडीएम ने नगर परिषद और अन्य विभागों के अधिकारियों को मेले के दौरान उचित व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। मेले में नेशनल हाईवे पांच पर सजने वाली दुकानों के लिए 6 मार्च से स्टॉल आवंटन प्रक्रिया शुरू होगी। इस वर्ष मेले में कुल 113 दुकानें सजाई जाएंगी। मेले में आने वाले व्यापारियों को बीते वर्ष की दर पर ही दुकानें आवंटित होंगी।
उन्होंने व्यापारियों को हिदायत दी कि वे अपनी दुकानें 25 मार्च तक ही सजाएं। इसके बाद दुकानें सजाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय पुलिस और नगर परिषद को एनएच पांच से छह मार्च तक सभी वाहनों को हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं। एसडीएम रामपुर ने नगर परिषद को मेले में आने वाले देवताओं के ठहरने और सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि मेले में सजने वाली महानाटी को ऐतिहासिक बनाया जाएगा। इसके लिए जल्द ही नगर परिषद, कारदार संघ और बुशहर कार्निवाल आयोजन कमेटी की बैठक प्रशासन के साथ आयोजित होगी। इस मौके पर डीएसपी चंद्र शेखर कायथ, नगर परिषद अध्यक्ष प्रीति कश्यप, कार्यकारी अधिकारी सूरत सिंह बोज्ञाटो, तहसीलदार जय चंद, बीएमओ डॉ. आरके नेगी, डॉ संदीप नेगी और अश्वनी नेगी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।