रामपुर बुशहर। सराहन में निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन 23 अगस्त को किया जाएगा। शिविर में सराहन सहित 15/20 वैली की करीब एक दर्जन पंचायतों के ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। बुशहर स्पोर्ट्स कल्चरल एंड एनवायरमेंट एसोसिएशन यह शिविर आयोजित कर रही है। विशेषज्ञ चिकित्सक आंखों की जांच करेंगे। जरूरतमंद मरीजों को परामर्श के साथ ऑपरेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल सोनी ने बताया कि इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को लाभ पहुंचाना है। शनिवार को रामपुर में एसोसिएशन की बैठक हुई, जिसमें शिविर के सफल आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई।