केंद्रीय परिवहन मंत्री नीतिन गडकरी से मिलते राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार और अन्य। स्रोत : सं
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री से राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने की भेंट
लूहरी से नोर सड़क का सीआरएफ के तहत विस्तारीकरण करने की रखी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू)। राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार और आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार ने सोमवार को केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से दिल्ली में भेंट की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री का जलोड़ी टनल के लिए 1,452 करोड़ रुपये की राशि देने के लिए आभार जताया। मंत्री से लूहरी से नोर सड़क का सीआरएफ के तहत विस्तारीकरण करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा सैंज-लूहरी-औट एनएच 305 निर्माण, जलोड़ी से रघुपुर और बागासराहन से बश्लेऊ जोत तक रोपवे की सुविधा बारे चर्चा की गई। इन योजनाओं को जल्द सिरे चढ़ाने की मांग रखी। विधायक लोकेंद्र कुमार ने लूहरी से नोर सड़क को सीआरएफ के तहत विस्तारीकरण की मांग उठाई और कहा किा यह सड़क काफी तंग है। इसकी दूरी 65.765 किलोमीटर है। उन्होंने इस सड़क को चौड़ा करने, सड़क के ब्लैक स्पॉट को दुरुस्त करने और विस्तारीकरण की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्र के हजारों ग्रामीण इस सड़क से लाभान्वित होते हैं और ग्रामीण विकास में इस सड़क का अहम योगदान है। विधायक लोकेंद्र ने कहा कि आनी विस क्षेत्र का सेब बहुल अधिकतर इलाके इस सड़क से लाभान्वित होते हैं। इसके लिए सड़क का सुधार जरूरी है। मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को ध्यान से सुना और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।