फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahar News: तीन साल बाद भी वाइब्रेंट विलेज की योजनाएं नहीं चढ़ीं सिरे

विज्ञापन
विज्ञापन
रिकांगपिओ में इधर से उधर ही खिसक रहीं फाइलें, धरातल पर नहीं उतरीं योजनाएं
विज्ञापन

नमज्ञा पंचायत के तीन गांव मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित
संवाद न्यूज एजेंसी
पूह (किन्नौर)। जिले की नमज्ञा पंचायत के तीन गांवों में तीन साल बाद भी वाइब्रेंट विलेज की योजनाएं सिरे नहीं चढ़ी हैं। तीन साल पहले अधिकारियों की टीम ने 19 सूत्रीय मांगपत्र बनाकर विकासखंड पूह के माध्यम से सरकार को भेजा था, लेकिन धरातल पर योजनाएं नहीं उतर पाई हैं। अब शिपकी-ला बॉर्डर तक पर्यटकों के घूमने की मंजूरी मिलने के बाद नमज्ञा पंचायत अति महत्वपूर्ण हो गई है। सरकार ने वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत मीटिंग के लिए शिमला से तीन अधिकारियों को ग्राम सभा में भेजा था, लेकिन तीन साल बीत गए और कोई भी योजना धरातल पर नजर नहीं आ रही है। जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में ही अधिकारियों की बैठकें हो रही हैं। सरकारी फाइल इधर से उधर ही खिसक रही है। वाइब्रेंट विलेज योजना जनजातीय क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों की दशा सुधारने और ग्रामीणों के पलायन को रोकने के लिए बनाई है, लेकिन छूट-पुट योजनाओं को ही स्वीकृति मिली है। नमज्ञा पंचायत के तीन गांवों नमज्ञा, टाशीगंग और खाब में साल 2023 को वाइब्रेंट विलेज योजना को सुचारु रूप से कार्यान्वयन करने के उद्देश्य से सरकार के आदेश पर ग्रामीणों के साथ ग्रामसभा का आयोजन किया गया था। पंचायत प्रधान बलदेव नेगी ने बताया कि इस ग्रामसभा में टाशीगंग गांव में पेयजल, सिंचाई की समस्या का समाधान, विश्राम गृह, सामुदायिक भवन का निर्माण, खाब संगम से लेकर टाशीगंग तक सड़क की टारिंग सहित कई विकास कार्यों के किए जाने का फैसला लिया था। खाब के ग्रामीणों के साथ भी हिमाचल प्रदेश दूर संचार विभाग के अधिकारी ने बैठक की थी। इसमें खाब से खाब कंडा तक आठ किलोमीटर सड़क का निर्माण, बिजली, पेयजल, सिंचाई योजना, घरों में सोलर पैनल लगाने के साथ कई विकास कार्य करने का निर्णय लिया था। नमज्ञा गांव में ग्रामीणों के साथ भी बैठक की गई थी। इसमें भी गांव में कई विकास कार्यों पर चर्चा की गई थी, लेकिन सभी योजनाएं अधर में हैं। नमज्ञा पंचायत प्रधान बलदेव नेगी ने बताया कि उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत अभी नमज्ञा पंचायत में खाब और नमज्ञा गांव के कंडा में सामुदायिक भवन की स्वीकृति केंद्र सरकार से मिली है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें