जिले में बनाए गए 16 परीक्षा केंद्र, अभिभावकों से समय रहते प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। जवाहर नवोदय विद्यालय समिति ने कक्षा छठी में प्रवेश के लिए होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। परीक्षा 28 नवंबर को होगी। जिले में 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें शिमला, ठियोग, रामपुर, ननखड़ी, कुमारसैन, रोहड़ू, जुब्बल, चिड़गांव, क्वार, चौपाल, नेरवा, कुपवी सहित विभिन्न क्षेत्र शामिल हैं। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय ठियोग के प्राचार्य ने अभिभावकों और अभ्यर्थियों से समय रहते प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रवेश पत्र पर दर्ज परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग समय और अन्य दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें, ताकि परीक्षा के दिन किसी तरह की परेशानी न हो। अभ्यर्थी समिति के आधिकारिक लिंक https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs/AdminCard/Admit2027Card पर जाकर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट https://navodaya.gov.in/ पर भी जानकारी उपलब्ध है। प्राचार्य ने अभ्यर्थियों से परीक्षा के दिन प्रवेश पत्र साथ लाने और निर्धारित समय से पहले केंद्र पर पहुंचने का आग्रह किया।