संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। आईटीआई रामपुर में अवसर ग्रुप छह फरवरी को रोजगार मेला लगा रहा है। सुबह 10:00 बजे से रोजगार मेला शुरू होगा। आईटीआई के प्रधानाचार्य मोहम्मद याकूब ने बताया कि कार्यक्रम में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स जो कि आईफोन मैन्युफैक्चरिंग करती है, अपने विशेष कोटे के तहत हिमाचल की गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाली छात्राओं की भर्ती करेगा। टाटा कंपनी इन छात्राओं को नौकरी के साथ प्रमाणपत्र भी प्रदान करती है। साथ ही छात्राओं को मुफ्त यात्रा भत्ता, रहना, खाना सहित अन्य सभी सुविधाओं के साथ 12 हजार वेतन भी देती है। अवसर ग्रुप हिमाचल प्रदेश से कुल्लू और कांगड़ा की आईटीआई से 60 से अधिक छात्राओं को प्रशिक्षित करके टाटा इलेक्ट्रानिक्स में रोजगार दे चुकी है। रोजगार मेले में एमआरएफ टायर (गुजरात) और लेंसकार्ट (ग्रुरुग्राम) जैसी बड़ी कंपनियां शामिल होंगी। रोजगार मेले में ग्रुरुग्राम से एचआर मैनेजर विजय मिश्रा साक्षात्कार लेंगे। आवेदन के लिए छात्र-छात्राओं की शैक्षिक योग्यता 10वीं से स्नातक है। साथ ही किसी भी व्यवसाय में आईटीआई किया हुआ है। आधार कार्ड, प्रमाण-पत्र भी साथ लेकर आएं।