ठियोग में पेन डाउन–टूल डाउन, आपात सेवाएं रहीं जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। नेशनल कोऑर्डिनेशन कमेटी ऑफ इलेक्ट्रिसिटी इंप्लाइज एंड इंजीनियर्स के आह्वान पर वीरवार को ठियोग समेत प्रदेशभर में बिजली बोर्ड कर्मचारियों, अभियंताओं, आउटसोर्स कर्मियों और पेंशनरों ने निजीकरण के विरोध में पेन डाउन और टूल डाउन हड़ताल की। इस दौरान आम जनता को राहत देने के लिए आपातकालीन सेवाएं सुचारु रूप से जारी रहीं।विरोध-प्रदर्शन के दौरान बिजली बोर्ड कार्यालय के बाहर संयुक्त कार्रवाई समिति (जेएसी) के बैनर तले धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार की ओर से प्रस्तावित विद्युत (संशोधन) विधेयक का विरोध किया और इसे बिजली क्षेत्र के निजीकरण की दिशा में कदम बताया। वक्ताओं ने कहा कि निजीकरण से उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा, युवाओं के रोजगार के अवसर घटेंगे और कर्मचारियों की सेवा शर्तों व पेंशन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। स्मार्ट मीटर योजना का भी विरोध किया गया। संयुक्त कार्रवाई समिति ने बिजली बोर्ड को मजबूत करने, रिक्त पदों पर भर्ती करने, पुरानी पेंशन योजना लागू करने और लंबे समय से कार्यरत आउटसोर्स कर्मियों के लिए स्थायी नीति बनाने की मांग दोहराई। इस अवसर पर एचपीएसईबीएल इंप्लाइज यूनियन के उपाध्यक्ष सचिन चंदेल, एचपी पेंशन फोरम के सचिव अशोक भारद्वाज, ठियोग यूनिट सचिव मनोज शर्मा सहित विभिन्न पंचायतों के पूर्व प्रधान, किसान सभा के सदस्य और व्यापार मंडल ठियोग के प्रधान भी उपस्थित रहे।