ठियोग में पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के पदाधिकारी और सदस्य। स्रोत : एसोसिएशन
. ठियोग में पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन के चुनाव हुए संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)।
हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के तत्वावधान में पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन ठियोग खंड के चुनाव हुए। प्रदेश पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष गंगाराम शर्मा ने चुनाव अधिकारी के रूप में विधिवत प्रक्रिया पूरी करवाई और नई कार्यकारिणी घोषित की। मोहन दास को सर्वसम्मति से पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन ठियोग का प्रधान चुना गया। महेंद्र वर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया। इनके अलावा चंद्रमणि कालिया को महासचिव, इंद्र सिंह को उपप्रधान, दिवाकर को कोषाध्यक्ष और मोहनलाल टेगटा को ऑडिटर निर्वाचित किया गया। उपस्थित पेंशनरों ने संगठन को मजबूत बनाने की उम्मीद जताई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान भागचंद चौहान ने की। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के अतिरिक्त महासचिव भूपराम वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ जिला शिमला के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिलीप जसटा, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष गंगाराम शर्मा, हिमाचल प्रदेश सचिवालय पेंशनर संघ के अध्यक्ष मदन शर्मा, जिला सलाहकार राजेश भंडारी, मुख्य सलाहकार बुधीराम जसटा मौजूद रहे। अतिरिक्त महासचिव भूपराम वर्मा ने पेंशनरों को वित्तीय लाभ समय पर न मिलने के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि पेंशनरों की लंबित मांगों को जल्द पूरा किया जाना चाहिए। इसके लिए संघर्ष समिति लगातार आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने नवगठित कार्यकारिणी से पेंशनरों के हितों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने और पेंशनरों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।