फिलीपींस में आयोजित होने वाली एशियन चैंपियनशिप के लिया चयनित हुआ आठ वर्षीय रुद्रवीर। संवाद
. फिलीपींस में होने वाली प्रतियोगिता के लिए आर्थिक सहायता की जरूरत
. शॉर्ट ट्रैक इंडिया ओपन प्रतियोगिता में जीते रजत और कांस्य पदक
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। शिमला जिले के जुब्बल निवासी आइस स्केटिंग के खिलाड़ी आठ वर्षीय रुद्रवीर एशियन चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। रुद्रवीर गांगटा पुत्र संजीव गांगटा ने अभी हाल ही में देहरादून में आयोजित शॉर्ट ट्रैक इंडिया ओपन प्रतियोगिता में एक रजत और एक कांस्य पदक जीता है। इस प्रदर्शन के आधार पर रुद्रवीर ने फिलीपींस में होने वाली साउथ ईस्ट एशियन खेलों के लिए अपनी जगह बनाई है। इससे पहले रुद्रवीर ने अगस्त 2025 में एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। रुद्रवीर को अब फिलीपींस में होने वाली प्रतियोगिता के लिए आर्थिक सहायता की जरूरत है। फिलीपींस दौरे का आधा खर्च भारतीय आइस स्केटिंग फेडरेशन के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा उठाएंगे और बाकी के खर्चे के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार से अनुरोध किया जाएगा। हिमाचल आइस स्केटिंग फेडरेशन के अध्यक्ष रोशन लाल ने खिलाड़ी की उपलब्धि पर खुशी जताई है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि रुद्रवीर आगे चलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उम्दा खेल प्रदर्शन करेगा।