बुशहर वॉलीबॉल लीग की बैठक के दौरान वॉलीबॉल प्रतियोगिता को लेकर रूपरेखा तैयार करते हुए। संवाद
अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के उपलक्ष्य में 29 से 31 अक्तूबर तक पाटबंगला मैदान में होंगे मुकाबले
शिमला, कुल्लू और किन्नौर के 177 खिलाड़ियों ने कराया था पंजीकरण, 96 खिलाड़ियों का चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के उपलक्ष्य में रामपुर के पदम स्कूल के खेल मैदान में 29 से 31 अक्तूबर तक बुशहर वॉलीबॉल लीग का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में आठ टीमें भाग लेंगी। इसमें दिल्ली, भारतीय नौसेना, पंजाब राज्य, पंजाब पुलिस, सेना, हिमाचल प्रदेश, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट चंडीगढ़ और हरियाणा राज्य की टीमें शामिल होंगी। प्रत्येक टीम में 12 खिलाड़ी शामिल होंगे। प्रतियोगिता में विजेता टीम को 75 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 45 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन रामपुर वॉलीबॉल एसोसिएशन और अंतरराष्ट्रीय लवी मेला कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर सोमवार को रामपुर वॉलीबॉल एसोसिएशन की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष बांका राम भलूनी ने की। इसमें प्रतियोगिता के सफल आयोजन, खिलाड़ियों की भागीदारी और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई। बैठक में आयोजन को लेकर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा भी की गई। एसोसिएशन के अनुसार, प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए शिमला, कुल्लू और किन्नौर जिलों के कुल 177 खिलाड़ियों ने पंजीकरण करवाया था। इसके बाद ऑक्शन प्रक्रिया के माध्यम से आठ टीमों के लिए 96 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। प्रत्येक टीम में 12 खिलाड़ी शामिल होंगे। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और खेल कौशल दिखाने का अवसर मिलेगा। तीन दिनों तक पाटबंगला मैदान में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। रामपुर वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष बांका राम भलूनी ने कहा कि प्रतियोगिता आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में वॉलीबॉल प्रतियोगिता को बढ़ावा देना और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और उन्हें नशे से दूर रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। बैठक में डीडी कश्यप, शिव शंकर ठाकुर, राजेश गुप्ता, प्रेम, विजेश गोयल, वीरेंद्र, पंकज शर्मा, केवल राम भलूनी, पद्मा देवी और भाद्र सिंह भलूनी सहित अन्य उपस्थित रहे।