बड़ोग और देवरीघाट से पंचायत समिति सदस्य निर्विरोध चुने
. जिला परिषद वार्डों में होगा रोचक मुकाबला
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग विकासखंड में अंतिम दिन कई उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिए हैं। नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विकासखंड की दो पंचायत समिति सदस्य और आठ पंचायतों में उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। निर्विरोध चुनी गई पंचायतों में नाहोल, रौनी मतियाना, देवरीघाट, भोगड़ापल्ली, घुंड, कयारा, गवै स्थित देवीमोड़ और बलग पंचायतें शामिल हैं। इन पंचायतों में विभिन्न पदों पर केवल एक-एक उम्मीदवार मैदान में रहने के कारण निर्विरोध विजेता घोषित किया गया। इसके अलावा पंचायत समिति वार्ड नंबर-छह बड़ोग से इंदिरा देवी और पंचायत समिति वार्ड नंबर-12 देवरीघाट से रीता देवी भी पंचायत समिति सदस्य के रूप में निर्विरोध चुनी गई हैं। ठियोग विकासखंड में कुल 64 पंचायतें हैं और यहां तीन जिला परिषद वार्ड हैं। नामांकन वापसी के बाद अब जिला परिषद चुनावों का मुकाबला भी दिलचस्प हो गया है। टियाली जिला परिषद वार्ड में सीपीआईएम समर्थित आकांक्षा, भाजपा समर्थित नेहा जगटा, प्रियम्बदा सिंह, कांग्रेस पृष्ठभूमि की सुमन राठौर और भाजपा पृष्ठभूमि की सरिता वर्मा, कांग्रेस पृष्ठभूमि की बबीता ठाकुर चुनावी मैदान में हैं। इस वार्ड में एक पार्टी समर्थित और पृष्ठभूमि के कई उम्मीदवार होने की वजह से मुकाबला काफी रोचक बन गया है। क्यार जिला परिषद वार्ड में भाजपा पृष्ठभूमि की बगावती उम्मीदवार संजना चौहान, कांग्रेस पृष्ठभूमि की आशा कंवर, सीपीआई समर्थित दीपना और भाजपा समर्थित कमलेश के बीच मुकाबला होगा। घोड़ना जिला परिषद वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी शशिपाल बनोलटा, भाजपा के बगावती उम्मीदवार सुरेंद्र कुमार मोगटा, भाजपा प्रत्याशी विकेश और कांग्रेस पृष्ठभूमि के आत्माराम मैदान में हैं। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब पूरे ठियोग विकासखंड में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं और प्रत्याशी जनसंपर्क अभियान में जुट गए हैं।