चौपाल में शनिवार को हर्षोल्लास से मनाया ईद का त्यौहार। संवाद
देवत और नेरवा के कई गांवों में मनाई ईद
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल(रोहड़ू)।
मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शनिवार को ईद-उल-फितर का पर्व मनाया। उपमंडल चौपाल की देवत पंचायत के कोठ्मल और कुम्बड़ा गांव में लोगों ने ईद मनाई। नेरवा के कुठार, भरानू और मानुभाविया गांवों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज पढ़ी। इसके बाद एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की बधाई दी। इस दौरान सुख-समृद्धि और शांति के लिए दुआ भी की। इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार रमजान के बाद शव्वाल की पहली तारीख को ईद-उल-फितर मनाई जाती है। ईद के दिन सुबह की नमाज से शुरुआत हो जाती है। इस्लामिक मान्यताओं के अनुसार रमजान के दौरान पाक महीने से रोजे रखने वालों और नमाज अदा करने वालों के अल्लाह सारे गुनाह माफ कर देता है। ईद-उल-फितर के साथ रोजे खत्म हो जाते हैं। ईद-उल-फितर में मीठे पकवान, सेवइयां बनाई जाती है। लोग आपस में गले मिलकर अपने गिले-शिकवों को दूर करते हैं। घर आए मेहमानों की विदाई कुछ उपहार देकर की जाती है। मुस्लिम समुदाय के वरिष्ठ नागरिक मोहम्मद हनीफ, मोहम्मद दीन शेख, गुलजार मोहम्मद, रहमान खान, संजू शेख और शबिरोदीन ने कहा कि सभी मुस्लिम भाइयों ने हर्षोल्लास के साथ ईद मनाई।