ठियोग(रामपुर बुशहर)। ठियोग के सरोग गली के पास सेब से लदा ट्रक पलटने से राष्ट्रीय राजमार्ग पांच तीन घंटे तक अवरुद्ध रहा। इस वजह से हजारों लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालत यह थी कि हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। इससे हाईवे पर करीब सात किलोमीटर लंबा जाम लग गया। शाम करीब 5:00 बजे ट्रक को हटाकर एनएच को बहाल किया गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार घटना दोपहर करीब 2:00 बजे की है जब ठियोग के सरोग गली के समीप सेब से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर क्रैश बैरियर से टकराने के बाद सड़क के बाहर खाई की तरफ लटक गया। हालांकि क्रैश बैरियर के कारण वाहन खाई में गिरने से बच गया, जिस वजह से इसमें सवार लोगों की जान बच गई। ट्रक सड़क पर पलटने से नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही अवरुद्ध हो गई।
इससे कुछ ही देर में शिमला और ठियोग दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे रामपुर, रोहडू़, चौपाल, आनी और किन्नौर की ओर जाने वाले हजारों लोगों को भारी परेशानियों से जूझना पड़ा। हालत यह थी कि दो घंटे के बाद हाईवे पर सात किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इसके बाद ट्रक को हटाने के लिए पहले सेब की बोरियों को खाली करवाया गया और इसके बाद क्रेन के माध्यम से ट्रक को हटाया गया। इसके बाद शाम करीब 5:00 बजे वाहनों की आवाजाही बहाल हो सकी।
तीन घंटे फंस रहे लोग, स्कूल के विद्यार्थी भी हुए परेशान
सेब के ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण 2:00 बजे से लगभग 5:00 बजे तक यातायात अवरुद्ध रहा। इससे तीन घंटे तक हाईवे बंद रहने के कारण स्कूल के विद्यार्थियों और कर्मचारियों सहित हजारों लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ी। यातायात बहाल करने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास करती रही, लेकिन सेब से लदे ट्रक को हटाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। ट्रक हटाने के बाद एनएच के दोनों तरफ छोटे वाहन चालकों ने बेतरतीब तरीके से खड़े किए वाहनों के कारण भी जाम खुलने में अधिक समय लग गया।