संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू) । समूचे चौपाल और कुपवी उपमंडल में दो महीने से किसान सूखे की मार झेल रहे हैं। मौसम विभाग के अलर्ट के बावजूद यहां मौसम शुष्क बना हुआ है। किसान और बागवान बारिश का इंतजार कर रहे हैं। सूखे के चलते बागवान बगीचों में कोई कार्य नहीं कर पा रहे हैं। सूखे के कारण गेहूं, मटर, जौ, सरसों, धनिया आदि की बिजाई पर असर पड़ रहा है। यहां इन दिनों लहसुन और बरसाती मटर की फसलें लगी है। बरसाती मटर की लगभग 80 प्रतिशत फसल तो सूखे की भेट चढ़ गई है। लहसुन की फसल तो अभी लगी है और इसकी गुड़ाई का समय आ गया है, लेकिन बिना बारिश के लहसुन की गुड़ाई नहीं हो पा रही है। किसान लहसुन की फसल को सूखे से बचाने के लिए सिंचाई कर रहे हैं, लेकिन अब जल स्रोत भी सूखने लगे हैं। कृषि विभाग चौपाल के विशेषज्ञ लायक राम हेटा ने बताया कि पिछले काफी समय से बारिश न होने के कारण काफी सूखा चल रहा है। किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है। क्योंकि यहां फसलो की बिजाई की तीन स्टेज अरली, मिड़ और लेट होती है। ऐसे में किसान अरली वैरायटी की फसलों के बीज के बजाय मिड़ व लेट वैरायटी की फसलों को बीजने का प्रयास करें। इसके साथ किसान किसी भी तरह की समस्या के लिए कृषि विभाग से संपर्क कर सकते हैं। कृषि विभाग हमेशा किसानों को उनके घर द्वार पर बेहतर सुविधा देने का प्रयास करता है ।