जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता रजनीश वर्मा 'नेरवा के वार्डों का दौरा करते हुए। संवाद
पेयजल संकट पर जल शक्ति विभाग सक्रिय, एक सप्ताह में समाधान का आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा (रोहड़ू)। जल शक्ति मंडल नेरवा के अधिशासी अभियंता रजनीश वर्मा ने नगर पंचायत नेरवा के वार्ड-एक, दो और छह का दौरा किया। उन्होंने इस दौरान पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत की। लोगों ने अनियमित पेयजल आपूर्ति, क्षतिग्रस्त चैंबरों और खराब स्टोरेज टैंकों को लेकर अपनी नाराजगी जताई। रजनीश वर्मा ने लोगों को आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में अनियमित पेयजल आपूर्ति को जल्द सुचारु किया जाएगा। लीकेज और कम प्रेशर की समस्या को प्राथमिकता से दूर किया जाएगा। वर्मा ने मौके पर ही विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने क्षतिग्रस्त चैंबरों की मरम्मत करने को कहा। साथ ही, स्टोरेज टैंकों की सफाई और उनकी क्षमता बढ़ाने के लिए भी निर्देश दिए। इस अवसर पर नगर पंचायत नेरवा की अध्यक्ष संधीरा कपिल, उपाध्यक्ष सीमा मनसाईक, पार्षद अमन सूद और पार्षद राजेंद्र सिंह कंवर भी मौजूद रहे। अधिशासी अभियंता वर्मा ने बताया कि जल शक्ति विभाग कर्मचारियों की कमी से जूझ रहा है। इसके बावजूद विभागीय कर्मचारी उपलब्ध संसाधनों से सभी कार्यों को पूरा करने में जुटे हैं। उन्होंने पेयजल के उचित उपयोग के प्रति लोगों में जागरूकता की कमी को भी एक समस्या बताया। पुरानी पेयजल लाइनों को दुरुस्त करने में कुछ समय लगेगा, लेकिन विभाग इन कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करेगा। वार्ड एक, दो और छह के निवासियों ने पेयजल की नियमित आपूर्ति न होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि कई चैंबर क्षतिग्रस्त हैं। स्टोरेज टैंकों की स्थिति भी खराब है, जिससे पानी की गुणवत्ता और आपूर्ति प्रभावित हो रही है। लोगों ने विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की।