नोगली तकलेच मार्ग पर खुले में बह रहा पानी
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। नोगली तकलेच मार्ग पर एक सप्ताह से पेयजल पाइप में लीकेज से पानी सड़क पर बह रहा है। सड़क पर पानी बहने और गड्ढों में जलभराव की स्थिति में हादसा होने का खतरा बढ़ गया है, वहीं हजारों लीटर पेयजल भी व्यर्थ बह रहा है। क्षेत्र के लोगों में विभाग की कार्यशैली को लेकर रोष है।
जानकारी के अनुसार नोगली तकलेच मार्ग पर वन विभाग के विश्राम गृह के समीप करीब एक सप्ताह से सड़क पर पानी बह रहा है। यहां पर रोजाना हजारों लोगों का स्वागत पानी से भरे गड्ढों से हो रहा है। सड़क पर पानी का रिसाव होने से जहां वाहन चालकों को खतरा है, वहीं पानी से सड़क भी खराब हो रही है।
सड़क की पहले ही हालत दयनीय बनी हुई है, वहीं अब पानी बहने से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जो हादसे को न्योता दे रहे हैं। करीब तीन सौ मीटर सड़क का हिस्सा पानी की वजह से पूरी तरह गड्ढों में तबदील हो चुका है, लेकिन अभी तक जलशक्ति विभाग समस्या को दूर नहीं कर पाया है। विभाग की अनदेखी हजारों लोगों पर भारी पड़ रही है। सुनील कायथ, राकेश चौहान, सुरजीत, दिनेश कुमार, तिलक राज, विजय, अनिल कुमार, दयाल सिंह सहित कई अन्य लोगों ने विभाग से समस्या दूर करने की मांग उठाई है।
उधर, जलशक्ति विभाग रामपुर के एक्सईएन आरएस नेगी ने समस्या को लेकर अनभिज्ञता जताई। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी कोई समस्या है तो प्राथमिकता के तौर पर दूर की जाएगी।