नौणी विश्वविद्यालय के कुलपति का कार्यभार संभालने के दौरान डॉ. हरमिंदर सिंह बवेजा। स्रोत : नौणी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। नौणी विश्वविद्यालय के कुलपति का कार्यभार संभाल लिया। एक प्रख्यात फ्लोरीकल्चर वैज्ञानिक डॉ. बवेजा के पास शिक्षण, अनुसंधान, प्रशासन एवं प्रसार कार्यों का 36 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध निदेशक, हिमाचल प्रदेश के बागवानी निदेशक और उत्तराखंड के बागवानी निदेशक सहित कई महत्वपूर्ण नेतृत्वकारी पदों पर सेवाएं दी हैं। वे विवि में फ्लोरीकल्चर विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। डॉ. बवेजा ने अनेक स्नातकोत्तर एवं पीएचडी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया है, कई शोध पत्र एवं पुस्तकें प्रकाशित की हैं। कार्यभार संभालने के बाद डॉ. बवेजा ने कहा कि वे विवि की सभी पहलों को उनकी पूर्ण क्षमता तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। विवि का विशेष ध्यान ऐसे कुशल स्नातकों को तैयार करने पर होगा जो कृषि एवं बागवानी क्षेत्र के विकास में योगदान दें। उन्होंने पूर्व छात्रों (एलुमनाई) के साथ सहयोग को मजबूत करने और विद्यार्थियों एवं युवा पेशेवरों के लिए बेहतर अवसर सृजित करने पर भी जोर दिया।