दोफदा स्कूल के 5 खिलाडि़ जिलास्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुए चयनित। स्रोत : स्कूल प्रबंधन
दोफदा स्कूल के पांच खिलाड़ी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दोफदा के खिलाड़ियों ने अंडर -19 छात्र वर्ग खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों का स्कूल पहुंचने पर मालाओं के साथ स्वागत किया गया। अंडर-19 छात्र वर्ग खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन झाकड़ी स्कूल में किया गया था। प्रतियोगिता में दोफदा स्कूल के खिलाड़ियों ने वॉलीबॉल में प्रथम स्थान हासिल किया। खो-खो प्रतियोगिता में उपविजेता रहे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर विद्यालय के पांच खिलाड़ियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है। खिलाड़ी अब राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नेरवा में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय वॉलीबॉल और खो-खो प्रतियोगिताओं में भाग लेकर विद्यालय और क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे। वॉलीबॉल में मिली इस सफलता से विद्यालय के विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्कूल स्टाफ में उत्साह का माहौल है। विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य और डीडीओ संदीप केदारटा ने शारीरिक शिक्षा विभाग को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और टीम भावना की सराहना की। इस मौके पर शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता रविंद्र नेगी, प्रवक्ता निरंजन शर्मा और पीईटी अनीश नेगी ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रदान कीं।