रामपुर बुशहर। कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) लोकल कमेटी रामपुर ने रसोई गैस के सिलिंडर के दामों में बढ़ोतरी के रोष जताया है। इस दौरान माकपा ने लगातार बढ़ रही महंगाई को लेकर सरकार को चेताते हुए अंकुश लगाने की मांग उठाई।
सीपीएम लोकल कमेटी रामपुर के सचिव कुलदीप ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि सिलिंडर के दाम में 50 रुपये की और बढ़ोतरी की गई है। इसकी माकपा ने कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि पहले ही महंगाई आसमान छू रही है और सरकार ने सिलिंडर के दाम में बढ़ोतरी कर आम जनता की कमर तोड़ कर रख दी है। खाने-पीने और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले ही यह नौबत आ चुकी है कि पिछले साल उज्ज्वला योजना के अंतर्गत आने वालों में से 10 फीसदी से ज्यादा ने सिलिंडर एक बार भी दोबारा नहीं भरवाया है। करीब 12 फीसदी ने सिर्फ एक बार फिर से सिलिंडर भरवाया है। व्यावसायिक उपयोग के रसोई गैस सिलिंडर के दाम में इस साल दूसरी बार बढ़ोतरी की गई है। लोकल कमेटी रामपुर ने सरकार से मांग उठाई कि कि बढ़े दामों को वापस लिया जाए, अन्यथा उग्र आंदोलन किया जाएगा।