दियांडली पुल के साथ सड़क पर पड़ा गड्ढा।
नेरवा (रोहड़ू)। नेरवा बाजार के बीच बहने वाले दियांडली नाले के ऊपर बने पुल के साथ बना गड्ढा लोगों के लिए जी का जंजाल बना हुआ है। हल्की सी बारिश होने पर गड्ढा पानी भर जाता है। रोजाना हजारों लोग इस सड़क से गुजरते हैं। इनमें स्कूल जाने वाले बच्चों की संख्या अधिक रहती है। जब वे इस स्थान से गुजर रहे होते हैं, तो कई बार तेज रफ्तार से चलने वाले वाहनों के कारण पानी गड्ढे से उछलकर राहगीरों पर गिर जाता है। इससे उनके कपड़े कीचड़ से गंदे हो जाते हैं। वहीं, गड्ढे से हादसे का भी खतरा बना रहता है। दो साल से लोक निर्माण विभाग ने इस गड्ढे को नहीं भरा। यह मामला लोक निर्माण विभाग के नेरवा उपमंडल के सहायक अभियंता के संज्ञान में भी लाया गया था। लोगों ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से आग्रह किया है कि वह विभाग को शीघ्र इस गड्ढे को भरवाने का आदेश जारी करें।