12 नवंबर से दोबारा शुरू होगी पढ़ाई, विद्यार्थियों में छुट्टियों को लेकर उत्साह
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
रामपुर क्षेत्र के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में शुक्रवार से दिवाली की छुट्टियां शुरू हो गई हैं। शिक्षा विभाग की ओर से निर्धारित अवकाश के तहत 6 से 11 नवंबर तक विद्यालय बंद रहेंगे। इसके बाद 12 नवंबर से सभी स्कूलों में नियमित रूप से पढ़ाई शुरू होगी। छुट्टियों को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। अब बच्चे परिवार के साथ दिवाली का त्योहार मनाने के साथ ही छुट्टियों का आनंद उठा सकेंगे। पीएमश्री स्कूल रामपुर के प्रधानाचार्य यशपाल ठाकुर ने बताया कि क्षेत्र के सभी स्कूलों में 11 नवंबर तक दिवाली अवकाश रहेगा। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने बच्चों से पटाखों का कम से कम इस्तेमाल करने और इन्हें जलाते समय विशेष सावधानी बरतने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पटाखों से वायु और ध्वनि प्रदूषण फैलने के साथ ही आग लगने और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और अपनी सुरक्षा का ध्यान रखते हुए दिवाली मनानी चाहिए।