लोअरकोटी स्कूल में चल रही जिला स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी रोहड़ू। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लोअरकोटी में रविवार से 14 साल से कम आयु वर्ग के छात्रा वर्ग की जिला जिला स्तरीय (माइनर गेम्स) खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हो गई। इसमें शिमला के 21 शिक्षा खंडों की 747 छात्राएं और 180 ऑफिशियल भाग ले रहे हैं। शुभारंभ पर खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट की सलामी दी। मार्च पास्ट प्रतियोगिता में शिक्षा खंड रोहड़ू ने प्रथम और सराहन ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आरंभ स्थानीय विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत गाकर किया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी दीं। रविवार को वॉलीबाल का पहला मैच सुन्नी खंड और टिक्कर खंड के बीच हुआ। इसमें टिक्कर विजयी रहा। दूसरा मैच रामपुर खंड और सराहन खंड के बीच हुआ। इसमें सराहन ने विजय हासिल की। रोहड़ू और डोडरा-क्वार के बीच हुए कबड्डी मैच में रोहड़ू ने जीत हासिल की। रणसार खंड और टिक्कर खंड के बीच हुए कबड्डी मैच में रणसार ने जीत हासिल की। रामपुर खंड और मतियाना खंड के बीच हुई कबड्डी प्रतियोगिता में मतियाना ने जीत हासिल की। प्रतियोगिता में रात तक मैच खेले जा रहे हैं। इस अवसर पर प्रारंभिक स्कूल शिक्षा उपनिदेशक निशा भलूनी, रोहडू खंड अंडर-19 के समन्वयक अजीत वर्मा, रोहडू खंड अंडर-14 के समन्वयक सुभाष संघेल, अतिरिक्त जिला शारीरिक शिक्षा अधिकारी राजेश चौहान, जिला खेल प्रभारी बबीता चौहान, स्कूल विकास प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नरेंद्र देव शर्मा, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राजू वर्मा, सेवा निवृत शिक्षक रमेश दत्त शास्त्री, प्रकाश चौहान, मान सिंह चौहान, खेल प्रभारी रोहड़ू खंड जवाहर शर्मा भी उपस्थित रहे। विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य विकेश जनारथा ने सभी का स्वागत किया।
लोअरकोटी स्कूल में चल रही जिला स्तरीय अंडर-14 खेलकूद स्पर्धा। संवाद