किन्नौर के जंगी स्कूल में शुरू हुई खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर पहुंचे अतिथि और सांस्
48 सरकारी और निजी विद्यालयों की 469 छात्राएं भाग ले रहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जंगी में वीरवार को अंडर-14 छात्रा वर्ग की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इस प्रतियोगिता में जिले के 48 सरकारी और निजी विद्यालयों की कुल 469 छात्राएं भाग ले रही हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए 70 विशेष कर्तव्य अधिकारी और 48 सहयोगी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। शुभारंभ समारोह में पंचायत समिति सदस्य अनीता नेगी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह में खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया। इसके अलावा विद्यार्थियों ने लोकनृत्य समेत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। अनीता नेगी ने छात्राओं को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। नेगी ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए खेलों का विशेष महत्व है। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने छात्राओं से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का आह्वान किया। आयोजन समिति के प्रबंधक सचिव ने मुख्य अतिथि और अन्य विशेष अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर जंगी के वीसीसी अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ठाकुर, रोशन लाल बिष्ट और दया सुख भी उपस्थित रहे। इस मौके पर वीरेंद्र सिंह ठाकुर भी इस अवसर पर मौजूद रहे।