काजा (लाहौल-स्पीति)।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मेरा युवा भारत की ओर से नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। कुल्लू एवं लाहौल स्पीति की जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि यह राष्ट्रव्यापी अभियान 26 जून से 15 अगस्त तक पूरे देश में संचालित किया जा रहा है। इसका लक्ष्य नशा मुक्त भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। जिला स्तर पर 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा इन प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं। प्रतिभागियों को माई भारत वेबसाइट (www.mybharat.gov.in) पर पंजीकरण कराना होगा। प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन विषय विशेषज्ञों और संबंधित विभागों के निर्णायक मंडल की ओर से किया जाएगा। जिला स्तर के विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कुल्लू जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तर के विजेता 14 अगस्त को होने वाले राष्ट्रीय नशा मुक्त युवा कॉन्क्लेव में शामिल होंगे। युवा लोक गीत, नृत्य, नुक्कड़ नाटक या माइम में अपनी प्रतिभा दिखा सकते हैं। चित्रकला, वाद-विवाद या भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। लघु फिल्म, लघु वीडियो निर्माण, नारा लेखन और स्लैम कविता जैसी विधाएं भी शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी रचनात्मकता दिखाने का अवसर मिलेगा। प्रतिभा शर्मा ने सभी शिक्षण संस्थानों और युवा संगठनों से युवाओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया है। इस अभियान के अंतर्गत कई अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें नशा मुक्त भारत शपथ, युवा संवाद और जन-जागरूकता कार्यक्रम शामिल हैं। खेल एवं स्वास्थ्य गतिविधियां, स्वयंसेवी कार्य और सामाजिक माध्यम अभियान भी चलाए जाएंगे। ये कार्यक्रम युवाओं को नशे से दूर रहकर जिम्मेदार जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। समुदाय आधारित जागरूकता कार्यक्रम भी इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।