रिकांगपिओ (किन्नौर)। इंडोर स्टेडियम रिकांगपिओ में जिला स्तरीय प्रतियोगिता 22 और 23 नवंबर को करवाई जा रही है। युवा, सेवा एवं खेल विभाग किन्नौर की ओर से प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसमें लोकनृत्य, लोक गीत, चित्रकला, भाषण और कविता लेखन प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। सहायक आयुक्त एवं जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी किन्नौर डॉ. ओम प्रकाश यादव ने बताया कि लोकनृत्य और लोक गीत प्रतियोगिता के लिए प्रत्येक टीम में छह से 10 प्रतिभागियों को शामिल किया जाएगा। दोनों प्रतियोगिताओं की अवधि 5-8 मिनट की होगी। मूल्यांकन तीन सदस्य निर्णायक की ओर से किया जाएगा। प्रतिभागियों की आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। टीम के सभी सदस्य एक ही दिन उपस्थित हों अन्यथा टीम को प्रतियोगिता से वंचित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों के लिए आने-जाने का किराया विभाग की ओर से वहन नहीं किया जाएगा। सभी इच्छुक प्रतिभागियों और टीमों से आग्रह किया है कि अधिक जानकारी के लिए संपर्क नंबर 88945-01755 पर जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग किन्नौर से संपर्क करें।