जिला कुल्लू के पांच में से तीन विद्यार्थी पीएम श्री विद्यालय आनी से
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी(कुल्लू)। पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी सह शैक्षिक गतिविधियों के साथ-साथ शैक्षिक क्षेत्र में भी निरंतर अव्वल है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से कक्षा जमा दो विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों के लिए प्रदेश स्तर पर आयोजित प्रवेश परीक्षा में जिला कुल्लू से कुल पांच विद्यार्थी चयनित हुए हैं। इन पांच विद्यार्थियों में से तीन विद्यार्थी मनीषा, आर्यन और गौरव पीएम श्री विद्यालय आनी से हैं। इन विद्यार्थियों को जमा दो की पढ़ाई के बाद नीट, जेईई मेन्स सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से निशुल्क अनुशिक्षण प्रदान किया जाएगा। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा उपनिदेशक अमर चंद चौहान, विद्यालय प्रभारी श्यामानंद, एसएमसी अध्यक्ष रमेश कुमार सहित पाठशाला के सभी शिक्षकों ने चयनित विद्यार्थियों और पाठशाला की विज्ञान संकाय की पूरी टीम प्रवक्ता निहाल ठाकुर, धर्मेंद्र वर्मा, प्रवीण मेहता और कुशल ठाकुर को बधाई दी है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।