ऊंचाई वाले क्षेत्रों, सतलुज और बास्पा नदी किनारे न जाएं : प्राधिकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण किन्नौर ने अधिक बारिश के दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाने के लिए अलर्ट किया है। प्राधिकरण ने जारी बयान में कहा कि मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 26 से 29 जुलाई तक किन्नौर में 50 से 80 फीसदी बारिश की संभावना है। इसके चलते लोग और पर्यटक अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में ट्रैकिंग न करें। अपने घरों में सुरक्षित स्थानों पर रहें और किसी प्रकार का जोखिम न उठाएं। ऊपरी पहाड़ी क्षेत्रों में जाने से परहेज करें। वहीं, आजकल सतलुज और बास्पा नदी का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है। ऐसे में सभी लोग नदी किनारे जाने से बचें। प्राधिकरण ने किन्नौर जिले की सभी पंचायत प्रधानों, गैर सरकारी संगठनों, ट्रैकर्स और नागरिकों से अपील की है कि इस जानकारी को अधिक लोगों तक पहुंचाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। किसी भी प्रकार की प्राकृतिक आपदा की स्थिति में तत्काल प्रभाव से जिला आपदा प्रबंधन परिचालन केंद्र के दूरभाष नंबर 8580819827, 9459457587, 01786-223155,51,52,53,54 और 1077 पर सूचित करें।