ग्रेडिंग-पैकिंग ऑपरेटर परिसर के बाहर रेट लिस्ट करें प्रदर्शित : नेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर जिले के निचार उपमंडल में सेब सीजन के लिए ढुलाई और ग्रेडिंग-पैकिंग के नए शुल्क निर्धारित किए गए हैं। उपमंडल अधिकारी (नागरिक) ने ट्रक ऑपरेटरों और सेब उत्पादकों के साथ बैठक के बाद इन दरों को अंतिम रूप दिया है। यह बैठक भावानगर के टापरी में हुई थी। इसमें निचार उपमंडल के ट्रक ऑपरेटर यूनियन, कैंपर यूनियन और सेब उत्पादक शामिल हुए। गहन विचार-विमर्श के बाद सेब के बक्सों की ढुलाई के लिए अधिकतम दरें प्रस्तावित की गईं। ग्रेडिंग और पैकिंग के लिए भी एक समान दर तय की गई है। निचार उपमंडल से चंडीगढ़ तक सेब ले जाने वाले आठ से 12 टन क्षमता वाले ट्रकों के लिए 1.50 रुपये प्रति क्विंटल प्रति किलोमीटर का किराया तय किया गया है। निचार उपमंडल के सभी क्षेत्रों से चंडीगढ़ से आगे के गंतव्यों के लिए सभी वाहनों पर 0.90 रुपये प्रति क्विंटल प्रति किलोमीटर का शुल्क लागू होगा। पिकअप और एलटीवी जैसे छोटे वाहनों के लिए 40 किलोमीटर से कम दूरी के लिए 5.40 रुपये प्रति क्विंटल प्रति किलोमीटर की दर होगी। 40 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए इन वाहनों का किराया 4.42 रुपये प्रति क्विंटल प्रति किलोमीटर निर्धारित किया गया है। सेब की ग्रेडिंग और पैकिंग के लिए 205 रुपये प्रति बॉक्स का शुल्क प्रस्तावित किया गया है। इस संबंध में ग्रेडिंग और पैकिंग करने वाले ऑपरेटरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी दुकानों के बाहर निर्धारित दरों की सूची प्रदर्शित करें। यह कदम पारदर्शिता सुनिश्चित करने और सेब उत्पादकों को सही जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उठाया गया है।