रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में लद्दाख के शांतिपूर्ण जन आंदोलन को लेकर गांधी जयंती पर हिमलोक जागृति मंच और नो मीन्स नो कैंपेन ने विशेष जन चर्चा का आयोजन किया। इस दौरान लद्दाख में चल रहे शांतिपूर्ण जन आंदोलन पर हुए दमन की कड़ी निंदा की गई और केंद्र सरकार से लद्दाख के आंदोलनकारियों पर किए मुकदमे वापस लेने की मांग उठाई। हिमलोक जागृति मंच के जिया लाल नेगी ने कहा कि पूरा हिमालयी क्षेत्र अभूतपूर्व संकट से गुजर रहा है। सोनम वांगचुक को हिमालय का गांधी कहा जाता है। उनकी मांगें और समस्याएं हमसे अलग नहीं हैं। इतना बड़ा जनांदोलन भी दमन का शिकार बन रहा है, तो हमारा क्या होगा। हम उनके साथ मजबूती से खड़े हैं। योवन नेगी (नो मीन्स नो अभियान) और हिमलोक जागृति मंच से परमेश्वर सिंह ने कहा कि लद्दाख कोई अवैध मांग नहीं कर रहा है, बल्कि वही मांग कर रहे हैं जो उन्हें पहले से ही वादा किया गया था।