नित्थर (कुल्लू)। नित्थर में हल्की सी हवा चलने पर बिजली गुल हो जाती है। समस्या को देखते हुए मंगलवार को अधीक्षण अभियंता राकेश कपूर ने नित्थर का दौरा किया। विद्युत बोर्ड नित्थर में सबसे बड़ी समस्या स्टाफ की कमी है, जिसमें लाइनमैन के पद खाली हैं। एक लाइनमैन के पास 10 से ज्यादा ट्रांसफार्मर का जिम्मा है। कनिष्ठ अभियंता का पद भी खाली चल रहा है। दुराह के कनिष्ठ अभियंता के पास नित्थर का कार्यभार है। इन सभी मसलों पर बात की गई और उचित समाधान की बात अधीक्षण अभियंता राकेश कपूर ने की। जिओ स्विच न होने से क्या-क्या परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, इसके बारे में भी चर्चा की गई। नित्थर के कई लोग इस दौरान मौजूद रहे और पेश आ रही समस्याओं पर मंथन किया। साथ ही शीघ्र समाधान मांगा। इस मौके पर कांग्रेस नेता चेतन चौहान, प्रेम ठाकुर चंद्रपॉल शर्मा, ब्रिकम ठाकुर, अजीत ठाकुर, दीपक ठाकुर, संदेश आनंद शर्मा और देशराज शर्मा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। अधीक्षण अभियंता राकेश कपूर ने कहा है कि दो जिओ स्विच और एक 15 लाख का सुरक्षा उपकरण भी नित्थर के लिए स्वीकृत हुआ है।