रिकांगपिओ (किन्नौर)। उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को सभागार कक्ष में क्षय रोग उन्मूलन पर बैठक हुई। इसमें जिले को क्षय रोग मुक्त बनाने पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने बताया कि जिले में अधिकतर मामले पूर्व में क्षय रोग से ग्रसित मरीजों को दोबारा क्षय रोग होने के हैं। उन्होंने क्षय रोग से ठीक हुए लोगों से आग्रह किया कि वे अपने खानपान का विशेष ध्यान रखें और क्षय रोग के लक्षण दिखने पर तुरंत अपनी जांच करवाएं। इसके अतिरिक्त जिला की विभिन्न पंचायतों में आने वाले प्रवासी अपनी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को देना सुनिश्चित करें, ताकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से क्षय रोग की जांच की जा सके। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुधीर सिंह ने बताया कि जिले में वर्तमान में 70 क्षय रोग मरीज हैं, जिनका इलाज स्वास्थ्य विभाग की ओर से किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश नेगी, उपनिदेशक प्रारंभिक डॉ. अरुण गौतम, उपनिदेशक उच्चतर डॉ. कुलदीप डोगरा, जिला अग्रणी बैंक पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंधक रोहित सांगवान सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।