आनी में दिव्यांगता आकलन शिविर, 96 मामले जिला स्तर पर भेजे
. कान, आंख, लोकोमोटर और मानसिक दिव्यांगता के मामलों की हुई जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)।
सिविल अस्पताल आनी में दिव्यांगता आकलन शिविर लगाया गया। शिविर में क्षेत्र के दिव्यांगजनों और दिव्यांगता से संबंधित समस्याओं वाले लोगों की विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जांच की। जांच के बाद 96 मामले आकलन के लिए जिला स्तर पर कुल्लू भेजे गए। शिविर में सामने आए मामलों में 20 कान संबंधी दिव्यांगता, 23 आंखों से संबंधित, 42 लोकोमोटर दिव्यांगता, पांच मानसिक दिव्यांगता और छह विभिन्न प्रकार की मल्टी दिव्यांगता के मामले शामिल हैं। अब इन सभी मामलों का जिला स्तर पर विशेषज्ञों की ओर से विस्तृत आकलन किया जाएगा। इसके बाद दिव्यांगता की निर्धारित प्रतिशतता तय की जाएगी। आकलन के आधार पर पात्र लोगों को दिव्यांगता प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। 40 प्रतिशत या इससे अधिक दिव्यांगता वाले पात्र व्यक्तियों को नियमानुसार विभिन्न सरकारी सुविधाओं और योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। शिविर में कुल्लू से आए विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों की जांच की और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। इस अवसर पर सीएमओ कुल्लू डॉ. रंजीत ठाकुर, जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी शर्मा, बीएमओ आनी डॉ. भागवत मेहता, कुल्लू से आए विशेषज्ञों की टीम सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।