संकट मोचन महावीर मंदिर में अखंड रामायण पाठ
रातभर चला जागरण का दौर
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
प्राचीन संकट मोचन महावीर मंदिर रामपुर में हनुमान जन्मोत्सव पर अखंड रामायण पाठ किया जा रहा है। धार्मिक अनुष्ठान में देवता साहिब जाख रचोली भी शरीक हुए। शनिवार शाम को देवता साहिब जाख रचोली संकट मोचन महावीर मंदिर देवलुओं के साथ नाचते-झूमते पहुंचे। देवता साहिब के सानिध्य में रातभर मंदिर में जागरण का आयोजन किया गया। देर रात तक भजन-कीर्तन का खूब दौर चला और श्रद्धालु खूब झूमते रहे। रविवार सुबह प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद हनुमान चालीसा पाठ और सुंदरकांड पाठ का हवन और कन्या पूजन कर पूर्णाहुति देने के बाद समापन होगा। दोपहर 12:30 बजे से विशाल भंडारा शुरू होगा। समाज सेवक ध्रुव शर्मा ने कहा कि देवता साहिब जाख के मंदिर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि देव जाख की उपस्थिति में भव्य जागरण आयोजित हुआ। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि धार्मिक अनुष्ठान में शिरकत कर देवता साहिब जाख और भगवान हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त करें। भंडारे का प्रसाद भी ग्रहण करें।