15 दिन बाद स्वर्ग प्रवास से लौटे देवता साहिब पल्थान देलठ ने सुनाया फलादेश
विज्ञापन
ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों से किया स्वागत, अधिष्ठाता से अच्छी फसल, बारिश और बर्फबारी की जताई उम्मीद संवाद न्यूज एजेंसी ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी तहसील के देवता साहब पल्थान देलठ स्वर्ग प्रवास से 15 दिन बाद अपने देवालय लौट आए हैं। देवता साहब ने गूर के माध्यम से ग्रामीणों को इस वर्ष के लिए इलाके में अच्छी फसल, बारिश और बर्फबारी का फलादेश सुनाया। इस भविष्यवाणी को सुनकर ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। बुधवार को सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालु जुटने शुरू हुए। मंदिर में देवता साहिब के स्वर्ग प्रवास से लौटने की खुशी में श्रद्धालुओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवता साहिब से आशीर्वाद लेने पहुंचे और अपने आराध्य इष्ट देवता पल्थान का स्वागत किया। देवता साहिब पल्थान इलाके के प्रमुख देवता हैं। उनका मंदिर देलठ में स्थित है। बुधवार को देवता साहब के स्वर्ग प्रवास के बाद लौटने की खुशी में श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचे और ढोल-नगाड़ों से उनका स्वागत किया। श्रद्धालुओं का कहना है कि देवता साहिब पल्थान की कृपा से उनके जीवन में सुख-समृद्धि आती है। वहीं, उन्होंने उम्मीद जताई कि देवता साहब पल्थान की कृपा से आगामी सीजन में इलाके में अच्छी फसल, बारिश और बर्फबारी होगी। मंदिर में हजारों लोगों ने आराध्य देवता के समक्ष शीश नवाया और सुख-समृद्धि की कामना की। देवता साहिब के लौटने पर मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन भी किया गया। श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर मंदिर के कारदार बृज लाल, उमेश शर्मा, परस राम भारद्वाज, कुंदन भारद्वाज, रमेश भारद्वाज, कमल कपूर, जितेंद्र चौहान, सतीश मेहता, कृष्ण ठाकुर, रमन कुमार, हरबंश ठाकुर और रवि चौहान सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
स्वर्ग प्रवास से लौटने के बाद देवता पलथान देलठ के आशीर्वाद को मंदिर में पहुंचे ग्रामीण। संवाद