सुबह छह बजे से दर्शनों के लिए लगी कतारें, मंदिर न्यास कमेटी ने किए उचित प्रबंध
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को हाटकोटी मंदिर में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शीश नवाकर मां के दर्शन किए। सुबह छह बजे से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। दिनभर माता के दर्शन के लिए कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। नवरात्र के शुभारंभ पर हाटकोटी मंदिर को फूल-मालाओं से सजाया गया है। मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर न्यास कमेटी की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं, जबकि मंदिर के बाहर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। नवरात्र के पहले दिन मंदिर परिसर के बाहर सजी दुकानों पर भी श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। पूजा सामग्री और अन्य सामान की खरीदारी के लिए लोग दुकानों पर पहुंचे। मंदिर के लंगर भवन में श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की गई। मंदिर न्यास कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम जुब्बल गुरमीत सिंह नेगी ने बताया कि नवरात्र के दौरान मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए उचित प्रबंध किए गए हैं। भीड़ और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।